BJP अध्यक्ष के सामने राजनीतिक द्वेष का अखाड़ा बना समारोह

नवभारतटाइम्स.कॉम
BJP अध्यक्ष के सामने राजनीतिक द्वेष का अखाड़ा बना समारोह
Surender.Singh

@timesofindia.com
n सेक्टर-29: 14 अगस्त को सेक्टर-29 के लेजर वैली पार्क ग्राउंड में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम राजनीतिक द्वेष का अखाड़ा बन गया। कार्यक्रम में एक ओर जहां कई बातें प्रोटोकॉल के अनुसार नहीं हुईं, वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री और गुड़गांव के सांसद राव इंद्रजीत सिंह आयोजकों पर जमकर बरसे। उनका कहना था कि उन्हें कार्यक्रम के लिए निमंत्रण नहीं दिया। मंच पर मौजूद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से ही सांसद ने सीधा सवाल पूछ लिया कि क्या बिना निमंत्रण उनका आना सही था? वह पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष के इस कार्यक्रम में आए हैं। वह दोनों नहीं आते तो भी उन्हें इनविटेशन नहीं मिलता। उनका नाम तो भाषण देने वालाें की लिस्ट में भी नहीं था। अपने भाषण की शुरुआत में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि यहां उल्टी गंगा बह रही है। सीनियर्स को पहले भाषण करवा दिया और अब जूनियर्स का भाषण करवा रहे हैं।

उन्होंने नाराज होते हुए कहा कि इस कार्यक्रम को पंजाबी बिरादरी या राजनीतिक रंग देने की कोशिश न करें। विभाजन के बाद जो लोग उस ओर से आए, उनका पूरे प्रदेश के लाेगों ने स्वागत किया। प्रदेश में पहली बार पंजाबी सीएम भी प्रदेश ने दिया। गुड़गांव में सीनियर डिप्टी मेयर तक शहर ने दिए। अकेला पंजाबी प्रत्याशी चुनाव लड़ चुका है, लेकिन वह जीत नहीं पाया। हर बिरादरी के सहयोग से ही बात बनती है। उन्हें इस बात पर आपत्ति है कि यहां लोकल लोगों को नहीं बुलाया। इसके अलावा हलके के सांसद को भी नहीं बुलाया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पानीपत या करनाल में होता तो वहां के सांसद संजय भाटिया या मनोहर लाल को नहीं बुलाया जाता। उन्होंने कार्यक्रम के संयोजक बोधराज सिकरी ने पूछा कि क्या उन्होंने कभी चुनाव लड़ा है। स्वामी धर्मदेव से कहा कि वह भी राजनीति में आने का मन बना रहे थे, इसके बाद क्या हुआ, वह जानते हैं।