Now Travel In Noida delhi Metro With A Single Card Passengers Get Great Relief
नोएडा और दिल्ली मेट्रो में एक कार्ड से सफर शुरू
Contributed by: Dinesh.Mishra|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
आजादी के पर्व पर दिल्ली मेट्रो (DMRC) और नोएडा मेट्रो (NMRC) के मुसाफिरों को सफर के लिए दो कार्ड रखने के झंझट से आजादी मिल गई है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने यात्रियों की सहूलियत के लिए शनिवार को नैशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) लॉन्च कर दिया। पहले दिन ही नोएडा मेट्रो के स्टेशनों पर सौ से ज्यादा मुसाफिरों ने इसे खरीदा। मेट्रो यात्री अब इस कार्ड से एक्वा लाइन, ब्लू लाइन, देश के अन्य मेट्रो रेल नेटवर्क और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी भुगतान कर सकेंगे। एनसीएमसी तकनीक वाली सिटी बस सेवाओं में भी यह मोबिलिटी कार्ड मान्य होगा। दिल्ली मेट्रो में इस्तेमाल होने वाले सभी कार्ड से भी नोएडा मेट्रो में सफर किया जा सकेगा।नोएडा मेट्रो ने लॉन्चिंग से पहले ही नए कार्ड बेचने शुरू कर दिए थे। अब तक 88 हजार से अधिक कार्ड बेचे जा चुके हैं। लोगों ने शनिवार से इन कार्ड से नोएडा मेट्रो और डीएमआरसी में सफर शुरू कर दिया। एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि नोएडा मेट्रो की सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। इसके अलावा मेट्रो स्टेशनों पर पैसंजर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (PIDS) शुरू कर दिया है। इससे यात्रियों को मेट्रो ट्रेन के आने-जाने की जानकारी समय पर मिलने लगी है।