Yogi Government Prioritizes Daughters Safety dignity New Pac Womens Battalion Formed In The Name Of Rani Avantibai
'बेटी की सुरक्षा-सम्मान सरकार की प्राथमिकता'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी का आदर्श उत्तर प्रदेश के लिए प्रेरणा बन सके, इसके लिए सरकार ने पीएसी की तीन नई महिला बटालियन का गठन किया है। इनका नामकरण इन्हीं वीरांगनाओं के नाम पर किया। बदायूं में रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर पीएसी की नई वाहिनी का गठन किया गया। यह कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वहां वीरांगना रानी अवंती बाई की अश्वारोही प्रतिमा की स्थापना की कार्रवाई अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। बेटियों की सुरक्षा-सम्मान सरकार की प्राथमिकता है।
योगी ने रविवार को रानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1857 में वे मात्र 27 वर्ष की थीं। इस छोटी आयु में उन्होंने आजादी के संघर्ष में बलिदान कर मिसाल प्रस्तुत की। आजादी के लिए उनका बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणा है। सरकार लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर पीएसी की नई बटालियन बना रही है। इन सभी बटालियन में वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं भी लगेंगी। योगी ने कहा कि कभी यूपी में मातृशक्ति की सुरक्षा के प्रश्न उभरते थे, इन वीरांगनाओं के नाम पर किए गए कार्य के पीछे का ध्येय यही है कि उन प्रश्नों पर छाए बादल समाप्त हों। 2017 में यूपी पुलिस बल में महिलाओं की संख्या मात्र 10 हजार थी, वह संख्या बढ़कर अब 45 हजार से ऊपर पहुंच चुकी है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य अहम चेहरे मौजूद रहे।