Allegation Of Demanding Bribe In The Name Of Operation At Civil Hospital Patient Complains
सिविल में ऑपरेशन के नाम पर रुपये मांगने का आरोप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ: सिविल अस्पताल में पीठ की गांठ का ऑपरेशन कराने पहुंचे मरीज से रुपये मांगने का आरोप लगा है। मरीज आर्यन सिंह (19 वर्ष) का आरोप है कि रेजीडेंट ने जांच के लिए निजी केंद्र पर जाने को कहा। साथ ही ऑपरेशन के लिए करीब दो हजार रुपये खर्च होने की बात कही। मरीज ने इसकी शिकायत अस्पताल निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता से की है।
मड़ियांव निवासी आर्यन सिंह पीठ में गांठ की समस्या लेकर सोमवार को ओपीडी पहुंचे थे। आरोप है कि रेजीडेंट ने सरकारी पर्चे पर जांच लिखी और बाहर से जांच कराने को कहा। रेजीडेंट ने यह भी कहा कि सरकारी जांच की रिपोर्ट ठीक नहीं आएगी। इस पर आर्यन को शक हुआ और उन्होंने निदेशक से शिकायत कर दी। शिकायत के बाद निदेशक ने मामले की जानकारी ली। जांच में पता चला कि संबंधित विभागाध्यक्ष छुट्टी पर थे, फिर भी उनके नाम की मुहर पर्चे पर लगी थी। डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि मरीज की जांच अस्पताल में ही कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऑपरेशन के लिए सिर्फ सरकारी फीस ली जाएगी। मामले की जांच चल रही है। आरोप सही मिलने पर संबंधित रेजीडेंट पर कार्रवाई की जाएगी।पर्चे पर विभागाध्यक्ष की मुहर: आर्यन ने शिकायत के साथ वह पर्चा भी निदेशक को दिखाया, जिस पर विभागाध्यक्ष की मुहर लगी थी।