NTA के खिलाफ छात्र संगठन ने किया प्रदर्शन

नवभारतटाइम्स.कॉम
student organizations protest vigorously against nta demand cancellation of exam
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

कई तरह की गड़बड़ियों के चलते तीन विषयों के लिए यूजीसी-नेट परीक्षा दोबारा कराने के नैशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के फैसले के खिलाफ देशभर के छात्र संगठन भी लामबंद हो रहे हैं। छात्र संगठनों का आरोप है कि बार-बार हुई गड़बड़ियों से छात्रों की पढ़ाई और करियर की योजनाएं खतरे में पड़ गई हैं।
सोमवार को दिल्ली में कई छात्र संगठनों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। एनएसयूआई ने दिल्ली स्थित एनटीए मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसमें एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता शामिल हुए। जाखड़ ने आरोप लगाया कि NTA छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। हम छात्रों को न्याय दिलाने और एनटीए की जवाबदेही तय कराने की लड़ाई जारी रखेंगे।

दूसरी ओर, वामपंथी छात्र संगठनों ने भी इस मुद्दे को लेकर NTA मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। AISA, SFI, KYS समेत अन्य वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े स्टूडेंट्स हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और जोरदार नारेबाजी करते हुए NTA को भंग करने की मांग की। इस दौरान जब पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोका, तो उनकी पुलिस के साथ हल्की झड़प भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने कई छात्रों को डिटेन कर लिया। ABVP ने भी इस मामले में NTA की जवाबदेही तय किए जाने की मांग करते हुए दोबारा परीक्षा के लिए स्टूडेंट्स को एग्जाम सेंटर तक आने-जाने की व्यवस्था करने के लिए कहा है।