Case Registered Against Former Councilor Chand Siddiqui And 5 Others For Land Grabbing Assault And Firing
पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी समेत 5 पर जमीन कब्जे, मारपीट और फायरिंग का केस दर्ज
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ: जानकीपुरम इलाके में जमीन कब्जे के विवाद को लेकर पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी, उनके भाई गुड्डू समेत पांच नामजद व अन्य के खिलाफ मारपीट और जानलेवा फायरिंग के आरोप में केस दर्ज किया गया है। जानकीपुरम निवासी भारत वर्मा के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2018 में पत्नी अंशु वर्मा के नाम लोधीपुरवा चौराहे पर 21 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी, जिसमें पांच अन्य सह-खातेदार भी हैं।
आरोप है कि पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी इस जमीन के अगले हिस्से पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। जमीन की पैमाइश को लेकर चांद के पिता द्वारा एसडीएम कोर्ट में दाखिल वाद का फैसला 13 अगस्त को भारत वर्मा के पक्ष में आया था। भारत के अनुसार, रविवार को पुलिस को आदेश की जानकारी देकर वह बाउंड्रीवाल का निर्माण करा रहे थे। तभी चांद सिद्दीकी अपने साथियों संग पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवाकर जिला प्रशासन को सूचित किया।रात में सो रहे भाई
पर चलाई गोली
पीड़ित का आरोप है कि रविवार रात उनका भाई संतु वर्मा जमीन पर सो रहा था। तभी चांद सिद्दीकी, उनका भाई गुड्डू, गुफरान, नब्बू, अनस और अन्य लोग असलहों के साथ पहुंचे। आरोपितों ने संतु को बेरहमी से पीटा और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। संतु किसी तरह जान बचाकर भागा। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।