Lda Negligence Teenagers Tragic Death By Drowning In Road Construction Pit
एलडीए की लापरवाही से बने गड्ढे में डूबकर किशोर की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को नागपंचमी के दिन हादसे में 16 वर्षीय किशोर की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह गड्ढा रकीबाबाद और भवानी खेड़ा गांव के बीच सड़क निर्माण के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा की गई खोदाई के चलते बना था। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किशोर को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बखारी (गोसाईंगंज) निवासी विजय कुमार का बेटा आदर्श बचपन से ही ननिहाल रकीबाबाद में अपने नाना नंद कुमार के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। रकीबाबाद और भवानी खेड़ा के बीच एलडीए की ओर से सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसके लिए सड़क के दोनों ओर लंबी खोदाई की गई है। बारिश के कारण इन गड्ढों ने तालाब का रूप ले लिया है और कई जगह पानी काफी गहरा है।
सोमवार को आदर्श अपने दोस्तों के साथ वहां नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्त विवेक, आर्यन, सुमित और अरुण के शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आदर्श को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सिविल अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।