Two Arrested For Posing As Ministry Of External Affairs Officials And Entering A Hotel Fake Ids And Documents Recovered
खुद को विदेश मंत्रालय का अफसर बता होटल में घुसे, दो गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताकर एक होटल में घुस कर गाली-गलौच करने और दस्तावेज ले जाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गोमतीनगर के विकासखंड-3 स्थित होटल क्रिस्टेलिया के प्रबंधन के मुताबिक 15 अगस्त की देर रात तीन आरोपितों ने रिसेप्शन का गेट बंद कर कर्मचारियों से पूछताछ की। आरोप है कि उन्होंने होटल स्टाफ और कुछ मेहमानों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए।
अभी तक की छानबीन में सामने आया है कि तुर्कमेनिस्तान की एक युवती का पासपोर्ट, वीजा और अन्य पेपर एक महिला के पास हैं। उसी की तलाश में आरोपित होटल में झूठ बोल कर घुसे थे। होटल के नाइट मैनेजर कुमार सर्वोत्तम पाठक ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त की रात करीब 1:03 बजे तीन संदिग्ध होटल पहुंचे थे। पहचान पत्र मांगने पर आरोपितों ने कर्मचारियों से अभद्रता की। उनमें से एक ने नाइट मैनेजर का कॉलर पकड़ लिया। उन्होंने स्टाफ और कुछ मेहमानों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। विदेश मंत्रालय के फर्जी आईडी कार्ड बरामद: नाइट मैनेजर के मुताबिक संदिग्ध रिसेप्शन काउंटर के अंदर भी पहुंचे और वहां रखे दस्तावेजों से छेड़छाड़ की। आरोप है कि कुछ दस्तावेज अपने साथ ले जाकर अपनी गाड़ी में रख लिए। पुलिस ने नाइट मैनेजर की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर होटल में घुसे वाराणसी निवासी अभिनव सिंह और मेरठ निवासी शिवम चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक होटल में घुसा तीसरा व्यक्ति दोनोंं आरोपितों का चालक है। आरोपितों के पास से विदेश मंत्रालय के 478 फर्जी आईडी कार्ड,1 चेक, 3 फर्जी आधार कार्ड, 14 डेबिट और क्रेडिट कार्ड, 2 चेक बुक व 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक तुर्कमेनिस्तान की एक युवती नोएडा में आरोपितों से एक क्लब में मिली थी। युवती ने आरोपितों को बताया कि उसका पासपोर्ट, वीजा और अन्य आवश्यक पेपर हैंडलर के पास है। आरोपितों ने हैंडलर की लोकेशन चेक की तो लखनऊ के गोमतीनगर स्थित होटल क्रिस्टेलिया में मिली।