Allegations Of Scrap Theft Without Permission From Amrapali Golf Homes Residents Create Ruckus
आम्रपाली गोल्फ होम्स से बिना मंजूरी स्क्रैप ले जाने का आरोप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
बिसरख कोतवाली एरिया की आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंग्स वुड सोसायटी के बेसमेंट एरिया से काफी सारे स्क्रैप को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस तरीके से तीन दिन से स्क्रैप बाहर ले जाया जा रहा था। इस मामले पर निवासियों ने बिना परमिशन व गेट पास के स्क्रैप ले जाने पर विरोध दर्ज करते हुए रविवार और सोमवार को हंगामा किया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को पकड़ा गया। लोगों का आरोप है कि प्रबंधन और एडहॉक एओए की मनमानी से स्क्रैप बेचा जा रहा है। ट्रैक्टर चालक के पास गेट पास तक नहीं मिला है। सोसायटी के निवासी मयंक चौधरी ने बताया कि परिसर में काफी परिवार रह रहे हैं। निवासियों से मोटा मेंटिनेंस चार्ज लेने के बाद भी घरों में और अन्य सामान तक चोरी हो रहा है। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए सीएक्यूएम के आदेश पर डीजल से चलने पर जनरेटर पर रोक लगाई थी। ऐसे में डीजी के कुछ पार्ट निकाल दिए थे। बिल्डर प्रबंधन ने इन्हें बेसमेंट एरिया में रखवा दिया था।