Youth Jumps Into Drain Fearing Forest Staff Beating Goes Missing Family Protests
वनकर्मियों के डर से नाले में कूदा युवक, लापता
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखीमपुरखीरी
पलिया क्षेत्र के जंगल में मशरूम लेने गए तीन युवकों को वनकर्मियों ने पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह बचकर भाग दो युवक दहशत में आकर नकौवा नाले में कूद गए। इस दौरान तेज बहाव में एक युवक लापता हो गया। शिकायत लेकर पहुंचे परिवारीजनों को पुलिस ने टरका दिया। इससे नाराज लोगों ने दुधवा मुख्यालय पहुंच प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों के साथ ही एनडीआरएफ की टीम को नदी में उतारा गया। हालांकि मंगलवार देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका।जानकारी के अनुसार, पलिया नगर के टेहरा शहरी मोहल्ला निवासी विनोद कुमार, शाहिद और सूरज सोमवार को मशरूम लेने जंगल गए थे। इस दौरान वनकर्मियों ने पकड़ लिया। आरोप है कि छोड़ने के लिए तीनों से 20-20 हजार रुपये मांगे गए। देने में असमर्थता जताने पर पीटना शुरू कर दिया। तीनों किसी तरह बचकर भागे और सूरज के साथ ही एक अन्य युवक नाले में कूद गया। तैरना नहीं आने के कारण सूरज बह गया। जानकारी पर सूरज के परिवार में कोहराम मच गया। आरोप है कि घटना के 18 घंटे बाद तक वन विभाग और पुलिस ने तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की। हंगामे की जानकारी पर एसडीएम पुष्पक और सीओ जितेंद्र सिंह परिहार मौके पर पहुंचे। जांच और कार्रवाई का आश्वासन देने के साथ ही एनडीआरएफ और गोताखोरों को युवक की तलाश में लगाया गया। हालांकि देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका।