Bhind Road Accident 8 Laborers Killed 22 Injured In Pickup dumper Collision While Saving Cattle
MP: मवेशियों को बचाने में हाइवे पर हादसा, 8 की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज/आईएएनएस, लखीमपुर खीरी/भिंडः मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात मजदूरों से भरे पिकअप और डंपर की आमने-सामने की भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 जख्मी हो गए। ये सभी लखीमपुर के रहने वाले थे। सभी मजदूर भिंड के गोहद इलाके में धान रोपाई का काम करके वापस घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा ग्वालियर-भिंड मार्ग पर गोहद चौराहे के पास छिमका गांव के पास हुआ। पिकअप में सवार सभी मजदूर ग्वालियर से काम करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने सामने से पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। जेएएच के ट्रॉमा सेंटर के कैजुअल्टी इंचार्ज डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 18 गंभीर घायलों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया।बताया जा रहा है कि 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बाकी तीन ने रास्ते में दम तोड़ दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। लखीमपुर खीरी प्रशासन लगातार एमपी प्रशासन के संपर्क में है। डीएम ने मृतकों के आश्रितों को मदद और घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है।