Suspend Kanungo Tehsildar And Lekhpal Yogi Adityanaths Strict Stance On Officials
'कानूनगो, तहसीलदार और लेखपाल को सस्पेंड करें'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज़, गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जनता दर्शन में अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। दबंगों द्वारा रास्ता नहीं देने की शिकायत लेकर पहुंची महिला की फरियाद सुनकर मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि यदि लेखपाल, कानूनगो या तहसीलदार रास्ता दिलाने में खुद को असमर्थ मानते हैं तो उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया जाए। सीएम के निर्देश के बाद राजस्व विभाग की टीम को महिला की समस्या का समाधान कराने के लिए गांव रवाना किया गया।गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं। फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भी मदद का भरोसा दिया। अधिकारियों को पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। कहा कि आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा मिलने के बाद भी यदि किसी जरूरतमंद को अतिरिक्त आर्थिक मदद की आवश्यकता है तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।