3d Darshan Of Ram Mandir In Durga Puja In Lucknow Experience The Grandeur Of Ayodhya In The Capital
राम मंदिर के होंगे 3डी दर्शन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ
इस बार दुर्गा पूजा में राजधानी के लोगों को अयोध्या राम मंदिर की भव्यता का अनुभव अपने ही शहर में मिलेगा। जानकीपुरम, सेक्टर-ई स्थित उत्सव दुर्गा पूजा मैदान में राम मंदिर की तर्ज पर एक भव्य पूजा पंडाल आकार ले रहा है। खास बात यह है कि यह पंडाल पूरी तरह से 3डी डिजाइन पर आधारित होगा, जिससे श्रद्धालु इसे तीन तरफ से देख सकेंगे। 14 अक्टूबर से शुरू हो रहे दुर्गा पूजा महोत्सव में इस बार अयोध्या राम मंदिर में स्थापित श्री रामलला की मूर्ति के तर्ज पर ही भगवान राम की मूर्ति स्थापित की जाएगी। पंडाल में मुख्य मंच बीच में होगा, जहां मां दुर्गा की मूर्ति के एक तरफ भगवान राम और दूसरी तरफ हनुमान जी के दर्शन होंगे।
पश्चिम बंगाल के
कारीगर बना रहे मंदिर
दुर्गा पूजा के संयोजक सौरभ बंदोपाध्याय ने बताया कि यह 3डी पंडाल 100 फुट लंबा, 100 फुट चौड़ा और 100 फुट ऊंचा बनाया जा रहा है। इसे 45-45 डिग्री के कोण पर तैयार किया जा रहा है ताकि तीन दिशाओं से इसके भव्य रूप के दर्शन हो सकें। मंदिर को वास्तविक रूप देने के लिए पश्चिम बंगाल से 12 विशेष कारीगर लखनऊ पहुंच चुके हैं और अभी कई और कारीगरों का आना बाकी है।
15,000 से अधिक बांस मंगाए
पंडाल के निर्माण में अब तक 15,000 से अधिक बांस मंगाए जा चुके हैं। इससे पहले वृंदावन के प्रेम मंदिर और थाईलैंड के पैगोडा की तर्ज पर पंडाल बना चुके सौरभ बंदोपाध्याय का कहना है कि इस साल उनका लक्ष्य एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम करना है।
पंडाल में बसेगा
नया शहर
महोत्सव स्थल पर सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि हर उम्र के लोगों के लिए एक अलग मिनी सिटी भी बसाई जा रही है। इसमें बच्चों और बड़ों के लिए मनोरंजन के साधन, झूले और कई राज्यों के लजीज व्यंजनों के फूड स्टॉल्स लगाए जाएंगे। हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।