n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : नगर निगम मुख्यालय में 243 भैंसों की नीलामी के दौरान हुए हंगामे और सड़क जाम के मामले में हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। लालबाग पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार की तहरीर पर सपा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस रजा समेत 11 नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को जब्त भैंसों की नीलामी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान अनीस अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और नीलामी का विरोध करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नीलामी प्रक्रिया बाधित करने की कोशिश की और सड़क जाम कर दी। FIR में यह भी आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। एफआईआर में अनीस के अलावा सलीम, राजेश पांडेय उर्फ बिल्लू, अतुल यादव, तुषार श्रीवास्तव, कुलदीप पासवान, रोहित यादव, बावी धानुक, अबुल हाजिम, सुजीत और विवेक सिंह को नामजद किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपितों को तलाश रही है।