Noida Birthday Party Excuse Two Minors Murdered Ayush Family Protests
पार्क में मिले शव का राज खुला, बर्थडे पर बुलाकर की थी हत्या
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT न्यूज, नोएडा
नोएडा के सेक्टर-54 के पार्क में मिले शव की पहचान हो गई है। उसे बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर हत्या की गई थी। हत्या का आरोप दो किशोरों पर है। आरोप है कि परिवार उसकी तलाश में भटक रहा था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। सोमवार को पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया। उसके बाद सोमवार शाम ही परिवार ने शव की पहचान की। मंगलवार को कार्रवाई की मांग और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने मोर्चरी पर हंगामा किया। इस मौके पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और एनकाउंटर की मांग की। 21 अगस्त को पार्क में घूमने पहुंचे लोगों ने शव पड़ा देखा था और पुलिस को सूचना दी। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया। सोमवार शाम किशोर की मां योगमाया अपने बेटे के लापता होने की शिकायत लेकर अधिकारियों से मिलने पहुंचीं। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम हाउस में रखा शव दिखाया। हाथ में बंधे धागे के आधार पर उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे आयुष शुक्ला उर्फ हैप्पी के रूप में की। शव की पहचान होने के बाद परिवार और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। परिजन शव का अंतिम संस्कार नहीं करने पर भी अड़ गए। मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिवार को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।