नई पॉलिसी के तहत ज़िले में EV के फ्री रजिस्ट्रेशन शुरू

नवभारतटाइम्स.कॉम
free registration of electric vehicles starts in gurgaon thousands saved with new policy
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

हरियाणा सरकार की इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की नई कर छूट योजना लागू होने के साथ ही गुड़गांव जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। नई व्यवस्था के तहत गुड़गांव और बादशाहपुर उपमंडल में पहला इलेक्ट्रिक वाहन रजिस्टर्ड किया गया है। 30 लाख रुपये तक की एक्स-शोरूम कीमत वाले इलेक्ट्रिक वाहनों पर मोटर वाहन कर में शत प्रतिशत छूट मिलने से वाहन खरीदारों को रजिस्ट्रेशन के समय सीधे हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का लाभ मिल रहा है।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल से प्रदूषण में कमी लाने और क्लीन-ग्रीन परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। नई टैक्स छूट व्यवस्था का लाभ पात्र वाहन खरीदारों को सीधे मिल रहा है और इससे प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ेगा। परिवहन विभाग के अनुसार, गुड़गांव निवासी विक्रांत ने महिंद्रा की बीई फॉर्मूला ईवी कार के पंजीकरण के लिए आवेदन किया। इस वाहन पर करीब 2 लाख 44 हजार 900 रुपये का मोटर वाहन टैक्स माफ हो गया है। विक्रांत ने सरकार की इस पहल को इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने वाला सराहनीय कदम बताया। इसी प्रकार बादशाहपुर उपमंडल निवासी राशिल गोयल ने टाटा टियागो ईवी के रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया। उन्हें 81 हजार 120 रुपये के मोटर वाहन टैक्स का सीधा लाभ मिला।