निष्कासन के बाद सतवीर नागर पर BSP ने एक बार फिर लगाया दांव

नवभारतटाइम्स.कॉम
bsps bet on satveer nagar again declared candidate from jewar akash anand targets bjp
निष्कासन के बाद सतवीर नागर पर BSP का फिर दांव

दनकौर में पहली जनसभा में विपक्ष पर बरसे बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद
सतवीर सिंह नागर को जेवर से विधानसभा सीट का उम्मीदवार घोषित किया

आकाश आनंद बोले- भाजपा नकल तो करती है, पर नकल के लिए अकल चाहिए

कहा- चीनी के दाम इसलिए बढ़ रहे हैं, क्योंकि गन्ने से पेट्रोल बनाया जा रहा है

NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दादरी में समाजवादी पार्टी और बीजेपी की बड़ी रैलियों के बाद मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी ने जेवर विधानसभा क्षेत्र के दनकौर में अपनी ताकत दिखाई। पहली बार जिले में रैली करने पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय चीफ कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने मंच से जेवर विधानसभा सीट से सतवीर सिंह नागर को उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा बसपा सुप्रीमो मायावती की योजनाओं और नीतियों की नकल करती है। कहा कि नकल के लिए भी अकल चाहिए। महंगाई को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए आकाश आनंद ने कहा कि चीनी के दाम इसलिए बढ़ रहे हैं, क्योंकि गन्ने से पेट्रोल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं।

कुछ माह पहले पार्टी से निष्कासित किया था:

इससे पहले भी लोकसभा चुनाव सतवीर नागर लड़ चुके हैं। हालांकि कुछ माह पहले उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया था, लेकिन अब फिर से गुर्जर समाज से आने वाले सतवीर पर भरोसा जताया गया है। पार्टी में जुलाई माह में वापसी के बाद उन्हें मेरठ मंडल का प्रभारी नियुक्त किया गया। दादरी और जेवर विधानसभा सीट कभी बसपा का गढ़ रह चुकी हैं। जेवर सीट से वेदराम भाटी बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। पिछले दो चुनावों में यहां से बीजेपी के टिकट पर धीरेंद्र सिंह जीतते रहे हैं। एयरपोर्ट के कारण जेवर विधानसभा सीट की राजनीतिक अहमियत लगातार बढ़ी है। बसपा इसी क्षेत्र से अपने पुराने वोट बैंक और सामाजिक समीकरणों को फिर से साधने की कोशिश कर रही है। दादरी सीट पर भी बसपा का दबदबा रहा है और सतवीर गुर्जर विधायक रहे हैं।

जमकर विपक्ष पर बरसे आकाश आनंद

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद दोपहर करीब 2 बजे पहुंचे। गृह जनपद गौतमबुद्ध नगर में यह उनकी पहली जनसभा थी। जनसभा में गौतमबुद्ध नगर के अलावा आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में बसपा समर्थक पहुंचे। इस दौरान वह जमकर विपक्ष पर बरसे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन आम जनता को विकास का अपेक्षित लाभ नहीं मिला।

बीजेपी सरकार ने 10 हज़ार स्कूल बंद किए गए :

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 10 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। दो करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार हैं, जबकि 13 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली पड़े हैं। आकाश आनंद ने भाजपा पर विज्ञापनों में करीब 60 हजार करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाया। सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में बसपा की पांचवीं बार सरकार बनेगी। सुरक्षा को लेकर यहां भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।