ज़िले में स्वाइन फ्लू के 120 केस, 20 बेड का ICU तैयार

नवभारतटाइम्स.कॉम
swine flu outbreak in gautam buddh nagar 120 cases found 20 bed icu ready
n NBT न्यूज, नोएडा

गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिले में अब तक करीब 120 मामले सामने आए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मदन मोहन मणि त्रिपाठी के अनुसार, गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 20 बेड का वेंटिलेटर युक्त आईसीयू तैयार रखा गया है। साथ ही आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आवश्यक दवाइयों और उपचार की व्यवस्था की गई है।
सीएमओ ने लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को टिशू पेपर या रुमाल से ढकें और हाथों को नियमित रूप से साबुन से धोएं। अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की भी सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुखार, नाक बहने या फ्लू जैसे लक्षण होने पर घबराने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लें। बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचें। लक्षण गंभीर होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचें। घर और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई रखने तथा दरवाजों के हैंडल और बार-बार छुई जाने वाली सतहों को नियमित रूप से साफ करने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जारी बचाव संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा है।