If Sp Forms Government In Up Women Will Get Rs 40000 Annually Dimple Yadav
यूपी में सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल देंगे 40 हजार रुपये: डिंपल
Contributed by: Anand.Tripathi|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : विधानसभा चुनावों के दौरान आधी आबादी यानी महिलाओं को साधने के लिए राजनीतिक दलों के बीच होड़ शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की उपस्थिति में मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने सपा सरकार बनने पर स्त्री सम्मान समृद्धि योजना शुरू करने का ऐलान किया। इस योजना के तहत हर महिला को सालाना 40,000 रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि स्त्री सम्मान समृद्धि योजना आधी आबादी की पूरी आजादी का संकल्प है। आने वाले समय में इस योजना के तहत दी जाने वाली धनराशि को और बढ़ाया जाएगा।
छात्र-छात्राओं को दी जाएगी मुफ्त यात्रा की सुविधा : अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं के साथ-साथ प्रदेश की आने वाली पीढ़ी के हित में भी कई बड़े कदम उठाए जाएंगे। सपा सरकार बनने पर स्कूली बच्चों, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को रोडवेज बसों और मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।नारी वंदन अभियान पर उठाए सवाल : अखिलेश ने भाजपा के ‘नारी वंदन’ अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग जब नारी वंदन की बात करें तो उन्हें हाथरस की बेटी की घटना याद दिलानी चाहिए। खुशी दुबे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ अन्याय के कई मामले सामने आए हैं और प्रदेश में आधी आबादी सबसे अधिक घटनाओं का सामना कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैराना की सांसद इकरा हसन, सांसद प्रिया सरोज सहित कई महिला विधायक, प्रवक्ता मौजूद थे।