प्रदेश के 3,126 जर्जर बेसिक स्कूलों को मिलेगी नई बिल्डिंग

Contributed byDeep.Singh|नवभारतटाइम्स.कॉम
uttar pradeshs 3126 dilapidated basic schools to get makeover budget released for new buildings
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रदेश के 3126 जर्जर बेसिक स्कूलों को नई बिल्डिंग मिलेगी। इसके लिए राज्य परियोजना कार्यालय ने आदेश जारी कर दिया है। साथ ही इनके लिए पहली किस्त के तौर पर 50% बजट भी जारी कर दिया है। बिल्डिंग बनवाने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन समितियों को दी गई है।

प्रदेश में कई स्कूल जर्जर हो चुके हैं। जिलों से ऐसे स्कूलों का ब्योरा सरकार ने इकट्ठा करवाया था, जिनकी बिल्डिंग फिर से बननी है। नए भवनों के लिए धनराशि केंद्र से प्रॉजेक्ट अप्रूवल समिति पहले ही मंजूर कर चुकी है। जिलों से ब्योरा आने के बाद उन स्कूलों के लिए धनराशि जारी कर दी गई है। इस ब्योरे के अनुसार 2243 प्राइमरी और 883 अपर प्राइमरी स्कूलों की बिल्डिंग का फिर से निर्माण करवाया जाएगा।
तय डिजाइन में बनेंगे स्कूल : अपर प्राइमरी स्कूल की बिल्डिंग के निर्माण की लागत 29.44 लाख रुपये और प्राइमरी स्कूल की लागत 15.36 रुपये तय की गई है। इसकी पहली किस्त के तौर पर 50% धनराशि जारी कर दी गई है। इस तरह प्राइमरी स्कूलों के लिए 344.52 करोड़ के मुकाबले 172.26 करोड़ और अपर प्राइमरी स्कूलों के लिए 259.95 करोड़ के मुकाबले 129.97 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। स्कूलों में कमरों की संख्या, आकार और डिजाइन भी जिलों को भेजा गया है। हर स्कूल में दो कमरे, एक कार्यालय कक्ष और एक बरामदे का निर्माण करवाया जाएगा।