Nepal Floods India Sends Over 10 Tonnes Of Relief Material Assures Humanitarian Aid
नेपाल में आपदा... भारत ने तुरंत भेजी 10 टन से ज्यादा की राहत सामग्री
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट/पीटीआई, नई दिल्ली
नेपाल में आपदा की जानकारी मिलते ही भारत ने तुरंत राहत के लिए कदम उठाया। बुधवार रात को ही 10 टन की राहत सामग्री नेपाल भेजी गई। इंडियन एयरफोर्स के एयरक्राफ्ट C130J से ये भेजा गया। राहत सामग्री में टेंपरेरी शेल्टर, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और दवाइयां शामिल हैं। गुरुवार सुबह एयरफोर्स का एक और एयरक्राफ्ट करीब 30-35 टन राहत सामग्री के साथ नेपाल रवाना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नेपाल के अपने समकक्ष बालेन्द्र शाह से बातचीत किए जाने के कुछ घंटे बाद राहत सामग्री भेजी गई।मोदी ने शाह को स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मोदी ने बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि इस कठिन समय में भारत के लोग नेपाल के अपने बहन-भाइयों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। हमारी टीमें बचाव और राहत प्रयासों के लिए नेपाल के अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय कर रही हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत ने नेपाल में बाढ़ से निपटने में मदद के लिए 10 टन मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) सामग्री और आवश्यक दवाएं भेजी हैं। जयशंकर ने 'एक्स' पर कहा, ‘नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से निपटने के प्रयासों में मदद के लिए 10 टन सहायता और आवश्यक दवाएं भेजी गई हैं।’