कार्रवाई न होने से नाराज दिव्यांग छात्रा मोबाइल टॉवर पर चढ़ी

नवभारतटाइम्स.कॉम
कार्रवाई न होने से नाराज दिव्यांग छात्रा मोबाइल टॉवर पर चढ़ी
nNBT न्यूज, राजाजीपुरम : मोहान रोड स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की एक दिव्यांग छात्रा शनिवार तड़के बुद्धेश्वर के बजरंग विहार में स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। छात्रा का आरोप है कि सहपाठी द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पारा पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह साढ़े सात बजे छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारा।

छात्रा के मुताबिक, विश्वविद्यालय में उसकी नजदीकियां एक सहपाठी छात्र से बढ़ी थीं। युवक ने शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। दोनों कुछ समय लिव-इन में भी रहे। इस बीच युवक के घरवालों ने उसकी शादी तय कर दी, इसके बाद आरोपित ने उससे दूरी बना ली और शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने इस संबंध में बीते 26 अप्रैल को पारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया। स्थानीय निवासी डॉ. कुलभूषण शुक्ला व अन्य लोगों ने फोन पर बातकर और उचित कार्रवाई का लिखित भरोसा देकर उसे नीचे उतारा। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।