शटरिंग कारीगर की हत्या का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
main accused in shuttering carpenter murder arrested incident happened due to old enmity
nNBT न्यूज, पीजीआई: क्षेत्र के सरथुआ गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुई शटरिंग कारीगर अभिषेक रावत (27) की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित अखिलेश रावत को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिवारीजनों और ग्रामीणों ने पीजीआई थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। देर शाम पुलिस बल की मौजूदगी में गांव में मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को जगतखेड़ा निवासी पुष्पा रावत की तहरीर पर आठ नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप है कि आरोपितों ने अभिषेक रावत को सरथुआ गांव बुलाकर धारदार हथियार, लाठी-डंडे से हमला कर लहूलुहान कर दिया था। इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में घायल मुख्य आरोपित अखिलेश रावत केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर से डिस्चार्ज होने वाला है। पुलिस ने अस्पताल से बाहर निकलते ही उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने पुरानी रंजिश में मारपीट की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, अखिलेश के खिलाफ पहले से लूट, डकैती व मारपीट के कई केस दर्ज हैं।