मड़ियांव में मासूम की पीट-पीटकर हत्या !

नवभारतटाइम्स.कॉम
murder of a minor in madhiyav by beating liver burst caused death mother fled leaving the body
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : मड़ियांव थाना क्षेत्र में मासूम की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद मां बच्चे के शव को लोहिया संस्थान में छोड़कर भाग निकली। शनिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बेरहमी से पिटाई के कारण बच्चे का लिवर फट गया था। लिवर फटने और अत्यधिक खून बहने की वजह से मासूम की जान गई।

कस्टडी के बाद साथ ले गई थी मां
उन्नाव के बीघापुर निवासी दिनेश ने बताया कि 15 साल पहले उनकी शादी पूनम से हुई थी। उनके तीन बेटे—प्रदीप, अभिषेक और अहम हैं। पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच जारी घरेलू विवाद के कारण पूनम बच्चों को लेकर गुडंबा स्थित अपनी बहन सोनम के घर चली गई थी। बाद में जब वह लौटी, तो दो बड़े बेटों को पति के पास ही छोड़ दिया। इसी साल अप्रैल में बीघापुर पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों के बीच हुए एक समझौते के बाद पूनम सबसे छोटे बेटे अहम (साढ़े चार वर्ष) की कस्टडी लेकर अपने साथ लखनऊ आ गई थी।

संदिग्ध हालात में हुई मौत

दो महीने पहले पूनम ने मड़ियांव थाने के पीछे एक किराए का मकान लिया और बेटे के साथ रहने लगी। वह लोगों के घरों में चौका-बर्तन कर गुजारा करती थी। पूनम के मुताबिक, शुक्रवार को जब वह काम पर गई थी, तब उसके पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि अहम बाथरूम में गिरकर घायल हो गया है। वह घर पहुंची और बेटे को ई-रिक्शे से लेकर लोहिया संस्थान के लिए निकली, लेकिन रास्ते में बच्चे की हालत मरणासन्न हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने पुलिस को सूचना देने की बात कही। इस पर पूनम बच्चे का शव वहीं छोड़कर भाग खड़ी हुई।

बहन के जरिए पुलिस तक पहुंचा मामला

अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना विभूतिखंड पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। उधर, पूनम ने घर पहुंचकर अपनी बहन सोनम को पूरी बात बताई, जिसके बाद सोनम ने लोहिया संस्थान पहुंचकर पुलिस से संपर्क किया। शनिवार को बच्चे का पोस्टमॉर्टम हुआ, जिसमें बेरहमी से पिटाई के कारण लिवर फटने की बात सामने आई।