आयुष्मान कार्ड पर इलाज से इनकार करने का लगाया आरोप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-122 स्थित सीनियर सिटीजन क्लब के अध्यक्ष डॉ. उमेश शर्मा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को पत्र भेजकर नोएडा के कई सूचीबद्ध निजी अस्पतालों पर आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार देने से इनकार करने का आरोप लगाया है। डॉ. शर्मा ने पत्र में सेक्टर-71 स्थित कैलाश अस्पताल, मैक्स (सेक्टर-128), मेदांता (सेक्टर-51), हेरिटेज (सेक्टर-119) और नियो अस्पताल (सेक्टर-50) का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि ये संस्थान कार्ड धारकों को भर्ती करने में आनाकानी कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि वे स्वयं भी इस समस्या का शिकार हुए हैं। इस बेरुखी का सबसे बुरा असर वरिष्ठ नागरिकों पर पड़ रहा है, जिन्हें गंभीर बीमारी के समय इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ता है।
इससे बुजुर्गों को मानसिक और आर्थिक तनाव झेलना पड़ रहा है। डॉ. शर्मा ने केंद्रीय मंत्री से मांग की है कि इन अस्पतालों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पात्र लाभार्थियों को निर्बाध उपचार सुनिश्चित कराया जाए।