अलमारियों से बरामद हुईं "3 करोड़ की दवाएं

नवभारतटाइम्स.कॉम
kgmu 3 crore drug scam patient medicines found in locked almirahs investigation report today
n NBT न्यूज, लखनऊ

केजीएमयू के यूरॉलजी विभाग में सामने आए करोड़ों रुपये के दवा घोटाले की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे है। विभाग में बंद अलमारियों को खोलने का सिलसिला जारी है और अब तक 115 मरीजों के नाम की दवाएं बरामद की जा चुकी हैं। इन दवाओं की अनुमानित कीमत दो से तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि दो-तीन अलमारियां अभी खोली नहीं गई हैं। इनसे घोटाले से जुड़े अहम दस्तावेज और मरीजों की दवाएं मिल सकती हैं। जांच समिति ने इन बंद अलमारियों की चाबियां विभाग से मांगी हैं। सोमवार को इन्हें भी खोला जाएगा। अब तक की बरामदगी से साफ है कि दवाओं के रखरखाव और वितरण में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं।
आज सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट : केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि बरामद दवाओं के उपयोग, उन्हें अलमारियों में रखे जाने के कारण और संबंधित मरीजों के रेकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। प्रत्येक दवा का मरीजों के रेकॉर्ड से मिलान कर सूची तैयार की जा रही है, ताकि जांच पूरी होने के बाद जरूरतमंद मरीजों को उनका लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने बताया कि जांच समिति को अभी तक दवाओं से संबंधित पूरा रेकॉर्ड उपलब्ध नहीं हो सका है। समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपेगी।