Sp congress Are Doing Politics Of Dividing Society Chirag Paswan Stakes Claim For Up In 2027
'सपा और कांग्रेस कर रहे समाज बांटने की राजनीति'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : रामविलास पासवान की जयंती पर लखनऊ में आयोजित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ‘नव संकल्प सभा’ के जरिए केंद्रीय मंत्री और पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए रविवार को अपनी राजनीतिक दावेदारी पेश कर दी। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उन्होंने संगठन विस्तार, सामाजिक एकता और युवाओं को जोड़ने का संदेश दिया। सपा और कांग्रेस पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए हमला बोला।
चिराग पासवान ने चुनावी शंखनाद करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। चिराग ने कहा कि पिता के अधूरे सपनों को पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है और उसी संकल्प के साथ वह यूपी में नई राजनीतिक शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी ऐसी हो कि हम चुनाव लड़ सकें। गठबंधन का फैसला राज्य इकाई करेगी। चिराग पासवान ने आरक्षण और संविधान के मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनके रहते कोई भी ताकत आरक्षण और संविधान को खत्म नहीं कर सकती। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों ने वर्षों तक जाति और समुदाय के आधार पर लोगों को लड़ाने का काम किया। जो दल भाई को भाई से लड़ाते हैं, वे युवाओं को एकजुट नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि यूपी को जाति और संप्रदाय की राजनीति से ऊपर उठाकर विकास, शिक्षा और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नौ बार लोकसभा सदस्य रहे रामविलास पासवान ने छह प्रधानमंत्रियों के साथ काम किया और सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा दी।