न्यू कैंपस और सर्वोदय नगर उपकेंद्र पर हंगामा

नवभारतटाइम्स.कॉम
ruckus in lucknow over power cuts public outrage at new campus and sarvodaya nagar sub stations
n NBT न्यूज, लखनऊ

घंटों की कटौती और जिम्मेदारों द्वारा फोन रिसीव न किए जाने से नाराज लोगों ने शनिवार आधी रात को जानकीपुरम विस्तार के एलयू न्यू कैंपस और सर्वोदय नगर उपकेंद्र पर जमकर हंगामा किया। उपकेंद्र परिसर में घुसी भीड़ की कर्मचारियों से तीखी नोक-झोंक हुई।
 स्थानीय लोगों के मुताबकि न्यू कैंपस उपकेंद्र से संचालित जानकीपुरम विस्तार के विभिन्न इलाकों में शनिवार रात 9 बजे गुल हुई बिजली देर रात तक बहाल नहीं हो सकी। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर बिजलीकर्मियों ने '1912' पर शिकायत दर्ज करने की बात कहकर टरका दिया। इसके बाद लोगों ने इंजिनियरों और स्टेशन ऑपरेटर के सीयूजी नंबरों पर कॉल किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इस उपेक्षापूर्ण रवैये से गुस्साए लोगों की भीड़ उपकेंद्र परिसर में घुस गई।

सीटी बॉक्स में धमाका : शनिवार रात करीब 10:30 बजे सीटी बॉक्स में जोरदार धमाका होने से सर्वोदय नगर उपकेंद्र की सप्लाई ठप हो गई। इससे विकास भवन मार्ग, शक्तिनगर, मानस विहार, संजयगांधी पुरम, सचिवालय कॉलोनी, लवकुश नगर, आवास विकास और सेक्टर-22 सर्वोदय नगर की 40 हजार से अधिक की आबादी को आधी रात तक उमस में जागना पड़ा। आक्रोशित जनता आधी रात को उपकेंद्र में घुस गई। हालांकि, इंजिनियरों का दावा है कि सुबह 10 बजे मरम्मत के बाद आपूर्ति सामान्य कर दी गई, लेकिन रविवार दोपहर तक इंदिरा नगर बी-ब्लॉक में बिजली की आंख-मिचौनी जारी रही।

सीढ़ी रखकर किया चक्काजाम : ऐशबाग उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले बिरहाना रोड, शास्त्री नगर, ईदगाह रोड, रामनगर कॉलोनी और भदेवा में रविवार को लगातार तीसरे दिन बिजली और पानी का गंभीर संकट बना रहा। इससे पूर्व शनिवार रात को नाराज लोगों ने उपकेंद्र के बाहर सीढ़ी रखकर चक्काजाम किया।

नटखेड़ा रोड पर एक फेज ठप : नटखेड़ा रोड आलमबाग क्षेत्र में लो वोल्टेज और एक फेज की बिजली आपूर्ति ठप होने से आटा चक्की सहित भारी मशीनें बंद हैं। आलमबाग नटखेड़ा रोड युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष अरोड़ा ने बताया कि शनिवार रात बिजली बॉक्स में ब्लास्ट के बाद से एक फेज बहाल नहीं हो सका हैं। चंदर नगर उपकेंद्र के जेई आशीष कुमार ने बताया कि फॉल्ट ठीक किया जा रहा है।