चलती कार में भ्रूण लिंग की जांच, चार गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
fetal sex determination in moving car four arrested gang leader back behind bars
nNBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

भ्रूण लिंग जांच और अबॉर्शन कराने वाले गिरोह पर लगाम नहीं लग पा रही है। लगातार कार्रवाई के बाद भी गिरोह सक्रिय हो रहे हैं। स्वाट टीम, नगर कोतवाली पुलिस, डॉक्टर टीम और राजस्व टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के चार आरोपितो को गिरफ्तार किया है, जो चलती कार में भ्रूण लिंग जांच के साथ जरूरत और मांग के अनुसार अबॉर्शन (गर्भपात) कराते थे। नगर कोतवाली क्षेत्र में महामाया स्टेडियम के पास से गिरफ्तार आरोपितों के पास से अर्टिका कार, अल्ट्रासाउंड की पोर्टेबल मशीन सहित सामान बरामद किया है।
एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने डॉक्टरों और राजस्व टीम के साथ महामाया स्टेडियम के पास से कार सवारों को दबोचा। पूछताछ में पता चला कि आरोपित भ्रूण लिंग जांच और अबॉर्शन कराने वाले गिरोह से जुड़े हैं। पकड़े गए आरोपितों में मूलरूप से बागपत और वर्तमान में गाजियाबाद निवासी संदीप कुमार, बुलंदशहर के खानपुर निवासी तस्लीम उर्फ साहिल राणा, हापुड़ के सरूरपुर गांव निवासी सलमान और नंदग्राम के नूरनगर निवासी साहिद अहमद हैं। गिरोह का सरगना संदीप है, जो पिछले साल सितंबर में भी भ्रूण लिंग जांच के आरोप में जेल जा चुका है। छूटने के बाद फिर से यही काम शुरू कर दिया। पकड़े गए सभी आरोपित इंटर पास हैं।

~10 से 15 हजार वसूलते थे, गर्भपात भी करवाते थे

एसीपी ने बताया पूछताछ में सामने आया कि आरोतित लिंग जांच के नाम पर 10 से 15 हजार रुपये ऐंठते थे। आरोपित कार में ही पोर्टेबल मशीन से जांच करते थे। इतना ही नहीं लिंग जांच के बाद अगर कोई अबॉर्शन (गर्भपात) कराना चाहता था तो अस्पतालों की मदद से करवा देते थे। एसीपी ने बताया कि पता लगाया जा रहा है कि आरोपित किन अस्पतालों में अबॉर्शन के लिए संपर्क करते थे।