Haryana Governments Pds Transparency Glitches Being Eliminated By Technology Eligible Receiving Timely Ration
‘PDS में पारदर्शिता हमारी प्राथमिकता, तकनीक से खत्म हो रहीं गड़बड़ियां’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT टीम, फरीदाबाद
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार तेजी से काम कर रही है। आधार आधारित e-POS (इलेक्ट्रॉनिक पॉइंट ऑफ सेल) मशीनों, e-KYC (ग्राहक की पहचान का इलेक्ट्रॉनिक सत्यापन), परिवार पहचान पत्र (PPP) और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं के जरिए राशन वितरण प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य फर्जी और अपात्र राशन कार्डधारकों को प्रणाली से बाहर करना और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी खाद्यान्न बिना किसी बाधा के पहुंचाना है। यह जानकारी हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने NBT के फरीदाबाद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
राजेश नागर ने बताया कि प्रदेश की सभी उचित मूल्य की दुकानों पर आधार आधारित e-POS मशीनों के माध्यम से ही राशन वितरित किया जा रहा है। प्रत्येक लेन-देन का ऑनलाइन रेकॉर्ड तैयार होने से वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आई है और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि बीपीएल और अंत्योदय परिवारों को समय पर राशन उपलब्ध कराने के लिए जिला और राज्य स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। स्टॉक, उठान और वितरण की ऑनलाइन समीक्षा की जाती है। इसी का नतीजा है कि पात्र परिवारों तक समय पर राशन पहुंच रहा है, इससे कोई भी वंचित नहीं हो रहा।
यदि किसी डिपो पर राशन में कटौती या अन्य अनियमितता की शिकायत किसी भी माध्यम से मिलती है तो तत्काल जांच के बाद चेतावनी, जुर्माना, निलंबन अथवा लाइसेंस रद्द करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाती है। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विभाग की हेल्पलाइन व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। जिस पर लगातार शिकायत मिलने से व्यवस्था में और सुधार करना आसान हो रहा है।