रॉन्ग साइड कार रोकने पर होमगार्ड से धक्का-मुक्की, चालक गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
home guard pushed and shoved for stopping wrong side car driver arrested incident video from haiderganj intersection in lucknow goes viral
nNBT न्यूज़, लखनऊ

हैदरगंज चौराहे पर शनिवार रात रॉन्ग साइड से जा रही कार को रोकना एक होमगार्ड को भारी पड़ गया। कार चालक ने पहले होमगार्ड से गाली-गलौज की, फिर धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने रविवार सुबह आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान काकोरी निवासी वैभव मौर्या के रूप में हुई। उसे रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी बृजेश सिंह के मुताबिक, हैदरगंज चौराहे को जाम से राहत दिलाने के लिए 'नो ट्रैफिक लाइट' जोन बनाया गया है। शनिवार रात करीब 8:30 बजे काकोरी के बादलखेड़ा निवासी वैभव मौर्या अपनी कार लेकर एवरेडी पुल के नीचे से उल्टी दिशा में ऐशबाग की ओर जाने लगा। उसकी वजह से चरक चौराहे और नक्खास की तरफ से आने वाला ट्रैफिक थम गया। जब वहां तैनात होमगार्ड हामिद अली ने उसे रोका तो आरोपित भड़क गया और मारपीट करने लगा।

कड़ा लेकर किया हमला

आरोपित ने होमगार्ड को धक्का दे दिया, जिससे वह चलती सड़क पर एक बाइक से जा टकराया। होमगार्ड ने जब अपने फोन से कार की फोटो लेनी चाही, तो आरोपित अपनी कार वहीं छोड़कर भाग निकला। बीच सड़क पर हुई इस घटना का किसी राहगीर ने विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें आरोपित हाथ में कड़ा लेकर होमगार्ड पर हमला करने की कोशिश करता साफ दिख रहा है।

'भाई मर जाएगा...'

वायरल विडियो में आरोपित लगातार चिल्ला रहा था कि मेरा भाई मर जाएगा। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपित वैभव एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उसका भाई किसी अस्पताल में भर्ती था, जिसे वह देखने जा रहा था। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने समेत आधा दर्जन गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है।