List Of Polling Stations In Noida Dadri Jewar Released Suggestions Invited Till July 10
नोएडा, दादरी और जेवर के मतदान केंद्रों, मतदेय स्थलों की सूची जारी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की सूची प्रकाशित कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम नागरिकों और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से 10 जुलाई तक प्रस्तावित सूची पर सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। जिले में प्रस्तावित सूची के अनुसार मतदान केंद्रों की संख्या 743 से बढ़कर 749 हो जाएगी, जबकि मतदेय स्थलों की संख्या 2,024 से घटकर 1,922 प्रस्तावित की गई है।प्रस्तावित सूची के अनुसार नोएडा विधानसभा (61) में वर्तमान के 233 मतदान केंद्र और 811 मतदेय स्थलों के स्थान पर 232 मतदान केंद्र और 784 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। दादरी विधानसभा (62) में 303 मतदान केंद्र और 794 मतदेय स्थलों की जगह 313 मतदान केंद्र व 743 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। जेवर विधानसभा (63) में वर्तमान के 207 मतदान केंद्र और 419 मतदेय स्थलों के मुकाबले 204 मतदान केंद्र और 395 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित सूची 10 जुलाई तक संबंधित एसडीएम व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय और जनपद की वेबसाइट पर निशुल्क उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में कोई भी नागरिक या मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल प्रस्तावित मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के संबंध में अपनी आपत्तियां अथवा सुझाव लिखित रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित एसडीएम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करा सकता है।