Noida Sector 105 Residents Disillusioned After Moving From Delhi Broken Roads Power Crisis And Water Issues
दिल्ली छोड़ यहां आए पर मिली टूटी सड़कें और बिजली संकट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
बेहतर बुनियादी सुविधाओं और आधुनिक जीवनशैली की चाह में दिल्ली छोड़कर नोएडा के सेक्टर-105 में बसने वाले हजारों लोगों का अब मोहभंग होने लगा है। रविवार को आयोजित एनबीटी संवाद कार्यक्रम में निवासियों का गुस्सा नोएडा प्राधिकरण और बिजली विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और रेजिडेंट्स ने दोटूक कहा कि नोएडा का विकास देख 60 प्रतिशत से ज्यादा लोग यहां बसे थे, लेकिन आज वे पानी, बिजली, गंदगी और सुरक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं के लिए तरस रहे हैं।निवासियों ने बताया कि सेक्टर में बिजली की समस्या इतनी विकराल है कि वर्क फ्रॉम होम करने वाले पेशेवरों को काम छोड़कर दफ्तर भागना पड़ता है। कम दबाव के कारण पानी ऊपरी मंजिलों तक नहीं पहुंचता और अक्सर दूषित आपूर्ति होती है। प्राधिकरण की बेरुखी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सेक्टर की सड़कें 9 साल पहले बनी थीं, जो अब पूरी तरह उखड़ चुकी हैं, लेकिन मरम्मत के नाम पर कुछ नहीं हुआ। प्राधिकरण ने 6 साल पहले सेक्टर में दुकानें तो बनाईं, लेकिन उनकी कीमत 2 से 3 करोड़ रुपये रख दी। अत्यधिक कीमत के कारण कोई दुकान नहीं खुली, जिससे निवासियों को रोजमर्रा के सामान के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। वहीं, सेक्टर की हरियाली भी खतरे में है। पार्कों में कई दिनों तक पानी नहीं दिया जा रहा, जिससे पौधे सूख रहे हैं। सेंट्रल पार्क का एक बड़ा हिस्सा शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है, जिससे सुरक्षा का खतरा बना रहता है।