निजी मुचलके पर छोड़े गए BMW-स्कॉर्पियो सवार युवक

नवभारतटाइम्स.कॉम
youth caught with 26 lakh cash medicines and condoms in bmw scorpio released on personal bail
nNBT न्यूज, लखनऊ

आशियाना इलाके में 26 लाख कैश के साथ पकड़े गए BMW और स्कॉर्पियो सवार युवक एक विधायक के करीबी बताए जा रहे हैं। उन्होंने आयकर विभाग की टीम को पूछताछ में बताया कि BMW के सेफ लॉकर से बरामद हुए 26 लाख रुपये, सेक्स वर्धक दवांए और कंडोम उनके नहीं हैं। कार में ये किसने रखा, यह भी नहीं जानते। पुख्ता सबूत न मिलने पर आशियाना पुलिस ने युवकों को शनिवार देर रात निजी मुचलके पर छोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो पर लगे सचिवालय पास की जांच की जाएगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो BMW के सेफ लॉकर से 500 रुपये की 52 गड्डियां बरामद हुई हैं।
वॉयलेस पर संदेश प्रसाारित होने पर आशियाना पुलिस ने शुक्रवार रात घेराबंदी कर माडिफाइड काली BMW, काली स्कॉर्पियों को स्मृति उपवन के पास रोका था। विधायक लिखी स्कॉर्पियो पर 2025 का एफ श्रेणी 209 नंबर का विधानसभा सचिवालय का पास भी लगा था। पहले तो चालकों ने दोनों गाड़ियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन हर ओर से पुलिस से घिरा देख उन्हें गाड़ी रोकनी पड़ी। BMW सवार शिवांशु पांडेय ने खुद को दरोगा का बेटा बताकर पुलिस को अर्दब में लेने का प्रयास किया। चेकिंग में BMW के सेफ लॉकर से 26 लाख कैश, सेक्स वर्धक दवांए और कंडोम मिले। रकम का स्रोत न बता पाने पर पुलिस ने वाहन सवार युवकों को हिरासत में लेकर आयकर विभाग को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक शिवांशु ने आयकर टीम को बताया कि उनकी गाड़ी में इतने पैसे किसने रखे, इसकी जानकारी नहीं है। बरामद हुए रुपये किसके हैं, यह भी वह नहीं जानता। थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव ने बताया कि कार सवार युवकों के खिलाफ पुख्ता सबूत न मिलने पर पुलिस ने उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया है। हालांकि, दोनों गाड़ियों को एमवी ऐक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।

पिता तैनात हैं पश्चिम जोन के अहम थाने में

पुलिस के मुताबिक BMW शिवांशु पांडेय की है। उसके पिता पश्चिम जोन के एक अहम थाने में दरोगा हैं, जबकि स्कॉर्पियो कृष्ण कुमार सिंह की है। उनके साथ वृंदावन योजना निवासी रोजमन वर्मा और कृष्णानगर एलडीए निवासी अथर्व सिंह थे।