6 Micro Stps To Be Installed In Faridabad Parks Groundwater Wastage Will Stop
पार्कों में लगेंगे 6 छोटे एसटीपी, ग्राउंड वॉटर की नहीं होगी बर्बादी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डिवेलपमेंट अथॉरिटी (FMDA) की ओर से शहर के पर्यावरण संरक्षण और गिरते भूजल स्तर को सुधारने के लिए तैयार की गई एक महत्वाकांक्षी योजना को सरकार से हरी झंडी मिल गई है। चंडीगढ़ में आयोजित हाई पावर परचेज कमेटी (HPPC) की अहम बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद के पार्कों में 6 माइक्रो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (Micro STP) लगाने के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण बैठक में शहरी स्थानीय निकाय (ULB) मंत्री विपुल गोयल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।ग्रीनबेल्ट की सिंचाई के लिए नहीं होगा पानी बर्बाद
एफएमडीए की तरफ से तैयार किया गया यह पूरा प्रॉजेक्ट करीब 21 करोड़ रुपये की लागत का है। इसके पहले चरण में पायलट प्रॉजेक्ट के तौर पर लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च करके 6 माइक्रो एसटीपी का निर्माण किया जाएगा। शहर में लगातार नीचे जा रहे ग्राउंड वॉटर (भूजल) की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने यह बड़ा कदम उठाया है। अब पार्कों और ग्रीनबेल्ट की सिंचाई के लिए पीने वाले साफ पानी या जमीन के पानी का दोहन नहीं किया जाएगा, बल्कि सीवेज के पानी को साफ कर इस्तेमाल में लाया जाएगा।