ब्लॉक करवाए 2.94 लाख संदिग्ध नंबर: DGP

Contributed byGyaneshwar.Prasad|नवभारतटाइम्स.कॉम
up police tightens grip on cybercriminals 294 lakh suspicious numbers blocked rs 530 crore held
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूपी पुलिस ने साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। पुलिस ने पिछले करीब एक साल में साइबर क्रिमिनल के 2.94 लाख संदिग्ध मोबाइल नंबर ब्लॉक करवाने के साथ ही 1.81 लाख मोबाइल फोनों की आईएमईआई भी ब्लॉक करवाई है। इसके अलावा साइबर अपराधियों के खातों में मौजूद पीड़ितों के 530 करोड़ रुपये भी होल्ड करवाए हैं। यह जानकारी डीजीपी की समीक्षा बैठक के दौरान सामने आई। डीजीपी ने साइबर क्राइम की रोकथाम और जागरूकता के लिए प्रदेश के सभी जिलों व इकाइयों में ‘ ऑपरेशन साइ-वज्र ’ चलाने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश में साइबर अपराधों की रोकथाम और साइबर क्रिमिनल्स के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए डीजीपी राजीव कृष्णा ने मंगलवार को समीक्षा बैठक की। इसमें प्रदेश के सभी कमिश्नरेट और जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, साइबर अपराध के नोडल अधिकारी, साइबर सेल व साइबर थानों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हुए। डीजीपी ने साइबर पुलिसिंग को मजबूत करने, साइबर इकाइयों की क्षमता बढ़ाने, साइबर इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई और वित्तीय साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पर जोर दिया। बैठक में डीजीपी ने 1 अप्रैल 2025 से 30 जून 2026 तक की उपलब्धियों की समीक्षा की। इस अवधि में साइबर अपराध में शामिल 2,94,024 लाख संदिग्ध मोबाइल नंबरों और 1,81,405 लाख मोबाइल उपकरणों (आईएमईआई) को ब्लॉक करवाया गया। वहीं, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में 530 करोड़ रुपये की धनराशि होल्ड करवाकर साइबर अपराधियों तक पहुंचने से रोका गया है। डीजीपी ने निर्देश दिए कि साइबर अपराध पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी ढंग से निस्तारित करें। बैठक में पुलिसकर्मियों को भारत सरकार के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) की ओर से डिवेलप किए गए मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) और ग्रीवांस रिड्रेसल मॉड्यूल (जीआरएम) की जानकारी भी दी गई।

रेकमेंडेड खबरें