Bk Hospital In The Grip Of Stench Patients Troubled By Lack Of Toilet Cleaning From Emergency To Opd
BK में इमरजेंसी से OPD जाने वाले रास्ते पर फैली बदबू, टॉइलट की नहीं हो रही सफाई
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल बीके अस्पताल में इन दिनों मरीजों और उनके तीमारदारों को इलाज के साथ-साथ बदबू की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में इमरजेंसी से ओपीडी की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते पर फैली दुर्गंध के कारण लोगों का वहां से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। अस्पताल आने वाले मरीजों का कहना है कि इमरजेंसी और ओपीडी के बीच बने सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से पूरे परिसर में अधिक दुर्गंध फैल रही है। इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर मरीजों पर पड़ रहा है। कई लोगों को नाक पर रुमाल या मास्क लगाकर इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। उनका आरोप है कि शौचालयों की समय पर सफाई नहीं होने और स्वच्छता पर पर्याप्त ध्यान न दिए जाने के कारण स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। गर्मी और उमस के चलते बदबू और अधिक बढ़ जाती है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी होती है।