एेथलेटिक्स चैंपियनशिप में जौहर दिखाएंगे धुरंधर

नवभारतटाइम्स.कॉम
asian athletics championship medal hopes from faridabads mohammad ata sajid and aarti bhadana
n NBT न्यूज, फरीदाबाद : चीन में नौ जुलाई से शुरू होने वाली एशियन एेथलेटिक्स चैंपियनशिप में फरीदाबाद के दो खिलाड़ी भागीदारी करेंगे। इनमें लॉन्ग जंप के उभरते खिलाड़ी मोहम्मद अता साजिद और रेसवाक खिलाड़ी आरती भड़ाना का इंडियन टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से एथलेटिक्स जगत में खुशी का माहौल है और उनसे मेडल जीतने की उम्मीद जताई जा रही है।

मोहम्मद अता साजिद पुरुषों की लॉन्ग जंप इवेंट में अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे। हाल ही में उन्होंने 7.90 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई है, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह रांची में संपन्न हुई एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। मई 2026 में आयोजित 29वीं सीनियर नैशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वहीं वर्ष 2025 की साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने प्रतिभा का लोहा मनवाया था। वहीं दूसरी ओर आरती भड़ाना 21 किलोमीटर रेसवाक इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। आरती एक उभरती हुई रेसवाकर हैं और इंटरनैशनल स्तर पर पहचान बना चुकी हैं। वह विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप और एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। इस वर्ष उन्होंने हाफ मैराथन रेसवाक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 1.43 घटे का समय दर्ज किया। मोहम्मद अता के पिता साजिद हुसैन भारतीय नौसेना में पेटी अधिकारी थे और लंबी कूद के खिलाड़ी रहे हैं।