Gurugram Bulldozer Runs Over Five Illegal Constructions Of Two Notorious Criminals Government Land Vacated
दो अपराधियों के पांच अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भूमाफिया, नशा तस्करों और आदतन अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिला प्रशासन के सहयोग से दो शातिर अपराधियों के पांच अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई धनकोट नहर के पास अवैध रूप से सरकारी भूमि पर किए गए निर्माण हटाने के लिए की गई।पुलिस के अनुसार, पुलिस प्रशासन की ओर से चिन्हित किए गए अपराधियों में धनवापुर गांव के निवासी नरेंद्र उर्फ पव्वा और सन्नी उर्फ डोगरा शामिल हैं। नरेंद्र उर्फ पव्वा के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत 12 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, सन्नी उर्फ डोगरा पर भी हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न थानों में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया था कि इन दोनों ने धनकोट नहर के पास अवैध रूप से बोरवेल और मकानों का निर्माण कर रखा है। सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भारी मशीनरी की मदद से इस अवैध निर्माण को ढहा दिया गया और जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराया गया। इस पूरी कार्रवाई को क्राइम ब्रांच पालम विहार, गुड़गांव ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और बिना किसी बाधा के तोड़फोड़ की कार्रवाई पूरी की गई।