ग्रेनो में खुले मैनहोल में गिरा बच्चा, ARTO और उनकी टीम ने बचाई जान

नवभारतटाइम्स.कॉम
open manhole in grano becomes death well artos team saves 10 year old childs life
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

कुछ महीने पहले ही नोएडा के सेक्टर-150 में पानी से भरे गड्ढे में कार गिरने से युवा इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मौत हो गई थी, लेकिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस घटना से कोई सबक नहीं लिया।
ताजा मामला मंगलवार दोपहर का है, जहां बिल्डर एरिया स्थित आईएफएस विला सोसायटी के पास एक बार फिर प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही उजागर हुई। यहां सड़क किनारे 10 वर्षीय बच्चा अचानक 8 फुट गहरे बरसाती नाले के खुले मैनहोल में गिर गया। बच्चा अपनी मां के साथ यमुना प्राधिकरण के मार्केट की तरफ जा रहा था। सड़क के भारी ट्रैफिक से बचने के लिए मां-बेटा ढके हुए नाले के ऊपर फुटपाथ की तरह चल रहे थे। इसी दौरान बच्चा अचानक खुले मैनहोल को भांप नहीं पाया और उसमें जा गिरा। गनीमत यह रही कि उस समय नाले में पानी का बहाव तेज नहीं था, वरना बच्चा बह सकता था। बच्चे को आंखों के सामने गिरता देख मां ने चीख-पुकार मचानी शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एआरटीओ राजेश मोहन और उनकी टीम ने मां की चीख सुनी। बिना एक पल गंवाए एआरटीओ राजेश मोहन और उनके साथी खुद गटर में उतर गए। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।