Rewaris Public Is Being Crushed In The Infighting Of Bjp Leaders Chiranjeev Rao
बीजेपी नेताओं की आपसी लड़ाई में पिस रही रेवाड़ी की जनता: चिरंजीव
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, रेवाड़ी : कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि रेवाड़ी और पूरे दक्षिण हरियाणा का विकास बीजेपी नेताओं की गुटबाजी, अहंकार और तथाकथित 'प्रोटोकॉल की राजनीति' की भेंट चढ़ गया है। बीजेपी के सांसद और विधायक एक-दूसरे के कार्यक्रमों से दूरी बना रहे हैं और इसकी कीमत रेवाड़ी की जनता चुका रही है।
चिरंजीव राव ने कहा कि हाल ही में बावल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित 'खेत बचाओ' कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद थे। यह दक्षिण हरियाणा के लिए बड़ा अवसर था। यदि जिले के सभी जनप्रतिनिधि एकजुट होकर क्षेत्र की आवाज उठाते तो रेवाड़ी, बावल, कोसली और पूरे दक्षिण हरियाणा के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करवाई जा सकती थीं लेकिन भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान के कारण केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व जिले के तीनों विधायक कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। धारूहेड़ा नगर पालिका के चेयरमैन एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव भी अनुपस्थित रहे। वह अब सफाई दे रहे हैं।