102 साल पुराने पारंपरिक रथ पर दर्शन देंगे भगवान जगन्नाथ

नवभारतटाइम्स.कॉम
102 year old traditional chariot a unique experience to see lord jagannath
n NBT न्यूज, लखनऊ: अमीनाबाद की मारवाड़ी गली से निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आज भी अपने 102 साल पुराने पारंपरिक रथ पर निकाली जाती है। जिस सिंहासन पर भगवान 102 साल पहले विराजमान हुए थे, उसी पर आज भी आरूढ़ होकर भक्तों को दर्शन देते हैं। इस रथ की विशेषता यह है कि यात्रा के बाद इसे खोलकर (डिस्मेंटल) रख दिया जाता है और अगले साल रथोत्सव आने पर इन्हीं हिस्सों को दोबारा जोड़कर रथ तैयार किया जाता है। स्व. महंत शत्रुहनदास रथयात्रा कमिटी की ओर से इस वर्ष यह यात्रा 16 जुलाई को निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।

मारवाड़ी गली स्थित मंदिर के पुजारी सूर्य प्रकाश पाठक ने बताया कि जरूरत पड़ने पर क्षेत्रवासियों के सहयोग से रथ की मरम्मत करवा ली जाती है। इस वर्ष गणेशगंज, फतेहगंज से होते हुए नाका चौराहा और वहां से लाटूश रोड होकर वापस अमीनाबाद और गणेशगंज तक का रूट तय किया जाएगा। रास्ते में कई परिवार दो-तीन पीढ़ियों से कपड़ों में फूल बांधकर सड़क के बीचों-बीच लटकाते हैं और रथ आने पर फूलों की वर्षा करते हैं।