घर बैठे शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने नोएडा के एक शख्स से 29.14 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले छोटा-छोटा मुनाफा देकर भरोसा जीता और फिर अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर करा ली। ठगों के झांसे में आए पीड़ित ने अपनी पत्नी के बैंक खाते से भी रुपये ठगों को भेज दिए। उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो ठग और पैसे जमा कराने का दबाव बनाने लगे। इस मामले में सेक्टर 36 साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सेक्टर-168 स्थित छपरौली बांगर निवासी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह कारोबारी हैं। 13 अगस्त 2025 को उनके पास वॉट्सऐप के माध्यम से अनु शर्मा नाम की महिला ने संपर्क किया। दो दिन तक उसने सामान्य बातचीत की और कारोबार व बैंक खाते में जमा रकम की जानकारी ले ली। ठग ने घर बैठे शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद उन्हें क्वॉलिटी स्टाक शेयरिंग नाम के वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। साथ ही एपीपी वर्गर ऐप वर्जर सीएलएल नाम के प्लैटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन कराया। पीड़ित को एक आईडी दी गई। शुरुआत में छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर लगातार पैसे ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित ने अपनी पत्नी के खाते से 15 अगस्त से 4 सितंबर 2025 के बीच सात बार में 24.70 लाख रुपये भेजे। वहीं अपने शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से भी 4.44 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 29.14 लाख रुपये ठगों के बताए खातों में भेज दिए गए।