सेक्टर-18 की मल्टीलेवल पार्किंग में कर्मचारियों से मारपीट, तीन पर केस

नवभारतटाइम्स.कॉम
noida assault on employees in sector 18 parking case registered against three
n NBT रिपोर्ट, नोएडा : सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग में ड्यूटी कर रहे कर्मचारी और उसकी महिला सहकर्मी के साथ मारपीट व गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार तीन लोगों ने पार्किंग कर्मचारी से विवाद के बाद मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची महिला कर्मचारी को भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी हाथापाई की। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रविंद्र कुमार सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग गॉर्ड हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई को वह ड्यूटी पर थे। इसी दौरान हरियाणा नंबर की कार से आए तीन लोगों से किसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार फिरोज, आलोक, सत्यम सिंह सोलंकी और अंकित ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। तीनों पीड़ित रविंद्र के साथ मारपीट कर रहे थे, तभी पार्किंग में काम करने वाली उनकी सहकर्मी गीतांजलि बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। आरोप है कि तीनों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की, मारपीट और गाली-गलौज की। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।