Four year old Minor Gang raped In Malihabad Accused Arrested
चार साल की मासूम को अगवा कर दरिंदगी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, मलिहाबाद
रहीमाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। चार साल की मासूम बच्ची को अगवा कर डेढ़ किलोमीटर दूर तालाब के पास आरोपित ने दरिंदगी की। बच्ची की माँ की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित अमित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ थाना माल व रहीमाबाद में छेड़छाड़ तथा पॉक्सो एक्ट सहित पहले से छह गंभीर मामले दर्ज हैं। शौच के लिए गई थी मां
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात 10:00 बजे वह घर के बाहर शौच के लिए गई थी। घर में तीन बेटियां और एक बेटा सो रहे थे। जब वह वापस लौटी, तो उसकी सबसे छोटी बेटी (4 वर्ष) बिस्तर पर नहीं थी। मां ने बदहवास हालत में तलाश किया, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उसने तुरंत परिवार और पड़ोसियों को बेटी के गायब होने की सूचना दी और डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया।
तालाब के पास दबोचा गया आरोपित
सूचना मिलते ही रहीमाबाद थाना इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुनायक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर एक तालाब के पास आरोपित अमित नग्न अवस्था में मासूम बच्ची को दबोचे हुए मिला। आरोपित ने बच्ची से दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। पीड़ित मासूम के पिता की दो वर्ष पूर्व सड़क हादसे में मौत हो चुकी है।
मासूम अस्पताल में भर्ती
पुलिस और ग्रामीणों ने जब मासूम को आरोपित के चंगुल से छुड़ाया, तब वह बुरी तरह डरी और सहमी हुई थी। मां ने जैसे ही उसे अपने गले से लगाया, वह चीख-चीख कर रोने लगी। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।