मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती, "12 लाख ऐंठे

नवभारतटाइम्स.कॉम
matrimonial site friendship used to cheat youth of 12 lakhs case registered in cybercrime
NBT रिपोर्ट, नोएडा

मैट्रिमोनियल साइट पर महिला से हुई जान-पहचान एक युवक को भारी पड़ गई। शादी का भरोसा देकर महिला ने करीब 12.49 लाख रुपये की ठगी कर ली। काफी समय तक पैसे वापस नहीं मिलने और संपर्क तोड़ने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद सेक्टर 36 साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रेनो वेस्ट स्थित सुपरटेक ईकोविलेज-3 की ऑक्सफोर्ड स्क्वायर सोसायटी निवासी एक युवक की 19 जून से 4 जुलाई 2025 के बीच मैट्रिमोनियल साइट पर नेहा यादव नाम की महिला से पहचान हुई। महिला उनसे बातचीत करने लगी। दोस्ती होने के बाद उसने बीमारी का बहाना बनाना शुरू कर दिया। साथ ही कुछ मजबूरियां बताकर पीड़ित को झांसे में लिया। उधार के तौर पर उसने पैसे मांगे, भरोसे में आकर पीड़ित ने कई बार में कुल 12.49 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम लेने के बाद महिला ने पैसे वापस नहीं किए, उल्टे पीड़ित से और रुपये मांगने लगी। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जांच की गई। जांच में प्रथम दृष्टया साइबर ठगी की पुष्टि होने पर साइबर थाना पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए।

रेकमेंडेड खबरें