New Website Launched For Ex servicemen All Facilities Now At One Click
पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए वेबसाइट लॉन्च
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके परिवारों को अब एक ही डिजिटल मंच पर सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश सरकार के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग ने शुक्रवार को नई वेबसाइट का शुभारंभ किया। सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में एक समारोह में हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि वेबसाइट लॉन्च की।
कार्यक्रम में फरीदाबाद के मंडलायुक्त राजेश जून, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के निदेशक जयदीप कुमार, सीआरपीएफ कादरपुर के डीआईजी परमा सिवान, जिला सैनिक बोर्ड के वेल्फेयर अधिकारी कर्नल (रिटा.) देवेंद्र सिंह ढाका आदि अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2016 में सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग का गठन इसी उद्देश्य से किया गया था, ताकि सेना के साथ-साथ सीएपीएफ के जवानों और उनके आश्रितों को भी समर्पित और प्रभावी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। राव ने कहा कि आज लॉन्च की गई वेबसाइट पूर्व सैनिकों, सीएपीएफ कर्मियों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी डिजिटल सुविधा साबित होगी। यदि कोई जवान ड्यूटी के दौरान शहीद होता है या दिव्यांग होता है, तो उसके परिवार को मिलने वाले लाभ के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।