SC में जजों से बदसलूकी, दस्तावेज़ उछाले

नवभारतटाइम्स.कॉम
supreme court judge misconduct man threw documents security removed him
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान खुद अपना पक्ष रख रहे एक शख्स ने जजों के साथ बदसलूकी की। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बलपूर्वक कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया।
यह घटना जस्टिस के. वी. विश्वनाथन और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच के सामने हुई। याचिकाकर्ता इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक आदेश को चुनौती देने वाली अपनी याचिका पर सुनवाई के लिए पेश हुआ था। वह काले कोट में था, लेकिन उसने वकीलों का पारंपरिक सफेद बैंड नहीं पहन रखा था।

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू होते ही शख्स ने जजों को आपत्तिजनक तरीके से संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं आपको आदेश देता हूं कि एसीपी लखनऊ के खिलाफ FIR का निर्देश दें। इस पर जस्टिस के. वी. विश्वनाथन ने हैरानी जताते हुए पूछा कि आप हमें आदेश दे रहे हैं? इसके बाद याचिकाकर्ता ने कहा, ‘मेरी तरफ से इतना ही, सब रेकॉर्ड पर है।’ इसके तुरंत बाद उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और अपने केस से जुड़े दस्तावेज हवा में उछाल दिए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी उसे बाहर ले गए। इसके बाद अदालत की कार्यवाही सामान्य रूप से जारी रही। इस घटना को लेकर फिलहाल खुली अदालत में कोई आदेश पारित नहीं किया गया। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने याचिका निरस्त कर दी।