Agency hired Maid Absconds With Lakhs In Jewelry And Cash Sensation In Lucknow
एजेंसी से बुलाई मेड लाखों के जेवर और कैश लेकर फुर्र
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : चिनहट इलाके में एक सर्विस एजेंसी के जरिए घरेलू काम के लिए रखी गई मेड लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर पीड़ित के घर से फरार हो गई। एजेंसी से शिकायत करने के बाद पीड़िता ने चिनहट पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मटियारी स्थित मधुर विहार कॉलोनी में तृषा सुरंगे रहती हैं। उन्हें अपने घरेलू काम के लिए मेड की जरूरत थी। उन्होंने तेलीबाग सेनानी विहार स्थित 'अर्बन मेडसर्विस एजेंसी' के मालिक सत्यम भट्ट से संपर्क किया था। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एजेंसी ने 10 जून को गोमतीनगर निवासी काजल साहू को पीड़िता के घर भेजा था। एजेंसी की ओर से मेड की प्रोफाइल, पहचान पत्र समेत अन्य सभी जरूरी जानकारियां भी पीड़िता को मुहैया करवाई गई थीं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घर आने के बाद मेड काजल ने मुस्तैदी से काम किया। उसने तीन सप्ताह तक परिवार के साथ हिल-मिलकर उनका भरोसा जीत लिया। इसके बाद वह बिना किसी रोक-टोक के घर के कमरों में अकेले साफ-सफाई करने लगी। 2 जुलाई को काजल बिना किसी को बताए घर से चली गई। अचानक चले जाने पर तृषा ने इसकी शिकायत मेड सर्विस एजेंसी में की।बच्चे ने उठाई गुल्लक तो खुला चोरी का राज
चोरी की इस घटना का खुलासा 5 जुलाई की रात को हुआ। तृषा ने बताया कि रात के समय उनका बच्चा रुपये डालने के लिए अपनी गुल्लक उठाने गया। गुल्लक नीचे से टूटी हुई थी और उसमें जमा किए गए सारे रुपये गायब थे। गुल्लक टूटी देख तृषा को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कमरे में रखी अलमारी खोलकर चेक किया। अलमारी से सोने के जेवर, चांदी के बर्तन और 55 हजार रुपये गायब थे। पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चिनहट पुलिस ने मेड काजल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।