Faridabad Car Stopped Woman Beaten Then Youth Jumped Into Agra Canal Police Search Continues
अचानक रोकी कार, फिर महिला संग नहर में कूदा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
पुलिस ने गोताखोर बुलाकर चलाया सर्च अभियान, देर रात तक नहीं लगा सुराग
कार पर लगा है पुलिस का स्टिकर, अंदर हथौड़ी भी मिलीमहिला सेक्टर 31 की रहने वाली बताई जा रही है
पुलिस ने महिला के पति को इसकी सूचना दी, युवक ऐत्मादपुर का बताया जा रहा
अभी दोनों के नहर में कूदने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है
पुलिस अंदाजा लगा रही है कि हादसे से पहले युवक ने महिला के सिर में हथोड़ी मारी
फिर उसके बाल पकड़कर आगरा नहर में कूद गया
NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
बीपीटीपी थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती दोनो आगरा नहर में कूदने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। घटनास्थल से बरामद कार और उसमें मिले सामान ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। नहर में कूदी महिला सेक्टर-31 की रहने वाली बताई जा रही है। जबकि युवक ऐत्मादपुर के रहने वाला है। पुलिस ने महिला के पति को मौके पर बुलाकर पूछताछ की।
स्कूटी सवार ने देखा तो पुलिस को कॉल किया
पुलिस के अनुसार, युवक और युवती एक काले रंग की कार से बड़ौली की ओर जाने वाले रोड पर बीपीटीपी थानाक्षेत्र में पुल के पास नहर पर पहुंचे। कार को सड़क किनारे खड़ा कर अचानक दोनों ने नहर में छलांग लगा दी। स्कूटी सवार युवकों ने घटना को देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कर दी लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया है।
कार में लगा है पुलिस का स्टिकर
एचआर नंबर की जिस कार में सवार होकर युवक युवती आए थे, उस पर हरियाणा पुलिस का स्टिकर भी लगा हुआ है। इसके अलावा, कार के अंदर एक छोटी हथौड़ी भी मिली है। माना जा रहा है कि युवक ने महिला के बाल पकड़कर उसके सिर पर हथौड़ी से वार कर घायल कर दिया था। उससे बचने के लिए जब महिला कार से बाहर निकलकर भागने लगी तो युवक ने उसे पकड़कर नहर में छलांग लदा दी हो। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। महिला और युवक के बीच क्या संबंध हैं और दोनों कार में बैठकर एकसाथ कहां के लिए निकले थे, पुलिस इन सभी एंगल की जांच कर रही है।
महिला है शादीशुदा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती सेक्टर-31 की रहने वाली है और शादीशुदा है। पुलिस ने उसके पति से संपर्क कर घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं, युवक की पहचान अक्कू के रूप में हुई है। वह ऐत्मादपुर का रहने वाला है। बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि यह केवल प्रारंभिक सूचना है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पुलिस ने रास्ते को बंद कर दिया था। जिससे लोगों को आने जाने में भी असुविधा हुई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और बचाव अभियान के दौरान लोगों को नहर के पास जाने से रोका। फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम लगातार नहर में दोनों की तलाश कर रही है।
अब तक हुई प्रमुख घटनाएं:
दो मई 2026, खेड़ीपुल थानाक्षेत्र के सेक्टर 17 पुल के पास स्कॉर्पियो सवार डॉक्टर सचिन ने पत्नी व बच्चों के सामने आगरा नहर में लगाई छलांग, हो गई थी मौत।
तीन मई 2026, सिविल इंजीनियर भगवत दयाल ने अपने दो बेटों के साथ फतेहपुर बिल्लौच के पास आगरा नहर में रात के समय कूदा, इंजीनियर व एक बेटे की हो गई माैत
26 जून 2026, चौहान कॉलोनी निवासी किशोरी संध्या दादी को खाना देने के बहाने घर से निकली और आगरा कैनाल में लगा दी छलांग, हो गई मौत